मुंबई, 17 मई (वार्ता) प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) ने शनिवार को सीज़न 12 के लिए ‘एलीट रिटेन्ड प्लेयर्स’, ‘रिटेन्ड यंग प्लेयर्स’ और ‘न्यू यंग प्लेयर्स’ की सूची जारी की।
सीज़न 12 की नीलामी 31 मई और एक जून को मुंबई में आयोजित की जाएगी। अधिकांश फ्रेंचाइज़ियों ने अपने मुख्य खिलाड़ियों को रिटेन किया है जिनमें यू मुंबा के सुनील कुमार और आमिर मोहम्मद ज़फरदानेश, हरियाणा स्टीलर्स के जयदीप डहिया, यूपी योद्धा के सुरेंदर गिल, और पुनेरी पलटन के असलम इनामदार व मोहित गोयत शामिल हैं।
इस बार कुल 83 खिलाड़ियों को तीन श्रेणियों में रिटेन किया गया है। नीलामी में 500 से अधिक खिलाड़ी उतरेंगे, जिनमें भारत के पवन सहरावत, अर्जुन देशवाल, आशु मलिक और पीकेएल 11 के टॉप रेडर देवांक दलाल शामिल हैं। इसके अलावा, ईरान के दिग्गज फज़ल अत्राचली और मोहम्मदरेजा शदलूई, साथ ही मनींदर सिंह और प्रदीप नरवाल जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी नीलामी में शामिल होंगे।
नवीन कुमार पहली बार नीलामी में उतरेंगे। उन्होंने दबंग दिल्ली केसी के लिए 6 सीज़न में 1102 रेड पॉइंट्स बनाए हैं और 1000+ पॉइंट्स के साथ नीलामी में उतरने वाले पहले खिलाड़ी बनेंगे। नीलामी के लिए खिलाड़ियों को चार श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा और उनका एक बेस प्राइस (आधार मूल्य) भी होगा। कैटेगरी ए का बेस प्राइस 30 लाख रूपये, कैटेगरी बी के लिए 20 लाख रुपये और कैटेगरी सी के खिलाड़ी कम से कम 13 लाख रुपये में बिकेंगे। हर फ्रेंचाइज़ी के पास पांच करोड़ रुपये का कुल सैलरी पर्स होगा।

