मांगों को लेकर फुटकर व्यापारियों ने किया आंदोलन

सीधी। मांगों को लेकर फुटकर व्यापारियों ने आज आंदोलन किया। सोनांचल बस स्टैण्ड को हटाकर शापिंग काम्प्लेक्स निर्माण से प्रभावित फुटकर व्यापारियों ने आवाज बुलंद कर मांगों का ज्ञापन सौंपा। सोनांचल बस स्टैण्ड को हटाकर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण से प्रभावित होने वाले फुटकर एवं छोटे व्यापारियों की आजीविका और पुनर्वास को लेकर सुनील चौधरी की अगुवाई में व्यापक आंदोलन किया गया। आंदोलन में बड़ी संख्या में फुटकर व्यापारी, ठेला-रेहड़ी संचालक, छोटे दुकानदार एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सोनांचल बस स्टैण्ड में आंदोलन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला। आंदोलनकारियों ने मांग की कि सोनांचल बस स्टैण्ड क्षेत्र में वर्षों से अपनी छोटी-छोटी दुकानें और ठेले लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे लोगों को हटाने से पहले उनके लिए स्थायी एवं व्यवस्थित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। व्यापारियों का कहना है कि प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में यदि लाखों रुपये की दुकानें बोली अथवा ऊंची कीमत पर उपलब्ध कराई गईं तो गरीब फुटकर व्यापारी उन्हें खरीदने की स्थिति में नहीं होंगे। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित व्यापारियों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार की जाए तथा प्रत्येक पात्र व्यापारी को वैकल्पिक स्थल अथवा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में रियायती दर पर दुकान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। साथ ही दुकान आवंटन के लिए कम किराया अथवा आसान किस्तों की व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी गई। आंदोलन के दौरान कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से ज्ञापन स्वीकार किया। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से मामले में प्रयास किया जाएगा तथा न्यायसंगत तरीके से जो भी संभव होगा वह किया जाएगा।

आंदोलनकारियों ने कहा कि विकास का विरोध नहीं है लेकिन विकास के साथ गरीब और छोटे व्यापारियों की आजीविका की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। आंदोलन को समर्थन देने के लिए आकाश सिंह रिंकू भी पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं व्यापारी उपस्थित रहे। आंदोलन में जितेंद्र कचेर, मुकेश कचेर, कमलेश कचेर, टिंकू खान, सुनीता चिकवा, विजय चिकवा, सीता चौधरी, दिनेश कचेर, पुष्पा कचेर, सिया कचेर, सुनीता चिकवा, मीना चिकवा, रमेश कचेर, मुन्ना वर्मा, अमन लाल कचेर, बेलाकली जायसवाल, अनारकली चिकवा, पवन कचेर, निशा जायसवाल, राजेंद्र केवट, राकेश गुप्ता, राज दुलारी कचेर सहित अनेक फुटकर व्यापारी एवं नागरिक शामिल रहे।

नवीन बस स्टैण्ड में हाकर्स जोन की उठी मांग

वर्षों से पुराने बस स्टैण्ड में समाचार पत्र एवं पत्रिका के व्यापार से जुड़े हाकर्स के सामने भी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। समाचार पत्र विक्रेताओं के बहुत सारे समाचार पत्र एवं पत्रिकाएं बस के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जाते थे। जिसे व्यवस्थित रखने के लिए पुराने बस स्टैण्ड में व्यवस्था थी। आज से बसों का संचालन नवीन बस स्टैण्ड से शुरु होने के कारण समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं के विक्रेता और हाकर्स के व्यापार प्रभावित हो रहा है। समाचार पत्र के हाकर्सों ने कलेक्टर से मांग की है कि नवीन बस स्टैण्ड में समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं के विक्रेताओं के लिए हाकर्स जोन आरक्षित किया जाये।

विकास का नहीं, छोटे व्यापारियों के विनाश का विरोध: सुनील

फुटकर एवं छोटे व्यापारियों के आंदोलन का प्रतिनिधित्व कर रहे सुनील चौधरी का कहना था कि विकास का विरोध नहीं है लेकिन छोटे व्यापारियों के विनाश का विरोध किया जा रहा है। विकास के नाम पर सोनांचल बस स्टैण्ड का संचालन तो आनन-फानन में बंद कर दिया गया लेकिन यहां के छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हुई है, उसको लेकर कोई व्यवस्था तय नही की गई। जिला प्रशासन को सौंपे गये ज्ञापन पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपेक्षा है।

Next Post

महाकाल मंदिर मार्ग से 39 मकान-दुकानों के हिस्से हटे, सिंहस्थ के लिए 12 से 24 मीटर तक चौड़ा होगा 

Thu Oct 1 , 2026
उज्जैन। सिंहस्थ महाकुंभ-2028 में देश-विदेश से आने वाले करीब 50 करोड़ श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए महाकाल मंदिर और आसपास के मार्गों को सुगम बनाने की कवायद तेज हो गई है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने करीब 200 मीटर लंबे हिस्से में सडक़ की जद में […]

You May Like