एक्सिस बैंक का एफएचआरएआई से करार, आतिथ्य क्षेत्र के लिए देगा विशेष समाधान

नागपुर, 10 अप्रैल (वार्ता) निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक ने आतिथ्य उद्योग के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है जिसके तहत विशेष समाधान और रियायतों की पेशकश की गयी है। इस समझौते के तहत एक्सिस बैंक को एफएचआरएआई के देशभर में फैले सदस्य नेटवर्क के साथ अधिक करीब से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे होटल, रेस्तरां और पर्यटन से जुड़े विभिन्न व्यवसायों के साथ सहयोग और मजबूत होगा। बदले में एक्सिस बैंक आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बैंकिंग और लेनदेन से जुड़ी विशेष सेवाएं उपलब्ध करायेगा। इसमें विशेष करंट अकाउंट सुविधा के साथ पीओएस मशीन किराये में रियायत, नकदी प्रबंधन सेवाएं और भुगतान समाधान सेटअप शुल्क में छूट जैसे लाभ शामिल हैं।

इसके अलावा, पात्रता और व्यावसायिक जरूरतों के आधार पर एफएचआरएआई के सदस्यों को उनके लिए विशेष तौर पर तैयार वित्तीय समाधान भी मिल सकते हैं। एक्सिस बैंक के वाणिज्यिक बैंकिंग ग्रुप के अध्यक्ष एवं प्रमुख विजय शेट्टी ने कहा कि आतिथ्य सेक्टर में आय बढ़ने, घरेलू पर्यटन में वृद्धि, सरकारी पहलों और बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण लगातार मांग बनी हुई है। एफएचआरएआई के साथ यह साझेदारी उद्योग के साथ अधिक प्रभावी जुड़ाव और क्षेत्र के अनुरूप वित्तीय समाधान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एफएचआरएआई के अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल ने कहा कि बैंकिंग और आतिथ्य सेक्टर के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए एक्सिस बैंक के साथ यह साझेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उद्योग के बदलते स्वरूप के बीच सदस्यों को क्षेत्र के अनुरूप वित्तीय समाधान उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है और यह सहयोग उस दिशा में मददगार साबित होगा। इस समझौते के जरिये एक्सिस बैंक ने आतिथ्य सेक्टर के लिए तय अवधि के ऋण, परिचालन के लिए पूंजीगत मदद और ढांचागत वित्त पोषण जैसी व्यापक बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इस सहयोग का उद्देश्य खासतौर पर छोटे और मध्यम प्रतिष्ठानों को लागत में उतार-चढ़ाव तथा विस्तार की चुनौतियों से निपटने में सहायता देना है।

Next Post

शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 919 अंक चढ़ा

Fri Apr 10 , 2026
मुंबई, 10 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका-ईरान के बीच स्थायी युद्ध विराम के लिए जारी वार्ता के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी लौट आयी और बीएसई का सेंसेक्स 918.60 अंक (1.20 प्रतिशत) चढ़कर 77,550.25 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 275.50 अंक यानी 1.16 […]

You May Like