मुंबई, 08 जुलाई (वार्ता) रॉकिंग स्टार यश और अभिनेत्री कियारा आडवाणी अभिनीत फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का पहला गीत ‘तबाही’ रिलीज़ हो गया है। यह गीत अपने भावपूर्ण संगीत और दोनों कलाकारों की सशक्त केमिस्ट्री के कारण दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। विशाल मिश्रा की आवाज़ और संगीत से सजे ‘तबाही’ में प्रेम को शब्दों से अधिक खामोशी और भावनाओं के जरिए व्यक्त किया गया है। पूरे म्यूजिक वीडियो में यश और कियारा के किरदारों के बीच अनकहा आकर्षण, तड़प और भावनात्मक संघर्ष देखने को मिलता है।
गीत का एक अहम दृश्य तब सामने आता है, जब तारा सुतारिया का किरदार रेबेका, राया (यश) से पूछती है, “क्या तुम खुद के अलावा किसी और से प्यार नहीं कर सकते?” इस पर राया जवाब देता है, “बिलकुल नहीं।” हालांकि अगले ही पल कियारा की ओर उसकी नज़रें उसके भीतर छिपे भावनात्मक द्वंद्व और अनकहे प्रेम को उजागर कर देती हैं। निर्देशक गीतू मोहनदास की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण वेंकट के. नारायण और यश ने केवीएन प्रोडक्शंस तथा मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले किया है। यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

