इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र के नेमावर रोड स्थित साजन नगर वाइन शॉप के पास दो भाइयों पर शनिवार की देर रात चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है. पुलिस मामले में जांच कर रही है.भंवरकुंआ थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि पालदा में रहने वाले 21 वर्षीय रौनक घेघट और उसका छोटा भाई 19 वर्षीय यश ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि अभिषेक उर्फ एके और उसके दो साथियों ने पुराने झगड़े को लेकर गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी.
आरोपियों ने यश पर चाकू से वार किया, जिससे उसके हाथ और सिर पर गहरी चोट आई. रौनक जब बीच-बचाव करने आया, तो अभिषेक ने उस पर भी चाकू से हमला किया. रौनक ने हमले को रोकने के लिए चाकू पकड़ लिया, जिससे उसके दोनों हाथों की उंगलियों और पंजों में गंभीर चोटें आईं. हमले के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो बच गए, लेकिन अपने भाई की मौत का बदला लेकर रहूंगा और तुम दोनों को खत्म कर दूंगा. मामले में भंवरकुआं पुलिस ने अभिषेक और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
