
बिलकिसगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार तड़के रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान डॉक्टर की अनुपस्थिति का मामला सामने आया है. आरोप है कि समय पर उपचार नहीं मिलने से एक नवजात शिशु की मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार ग्राम सारस निवासी महिमा कलम को गुरुवार सुबह करीब 4 बजे प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था. महिला एक पैर से दिव्यांग है. प्रसव के बाद उसने एक नवजात को जन्म दिया, जो लगभग एक से डेढ़ घंटे तक जीवित रहा. परिजनों का आरोप है कि इस दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और केवल नर्स द्वारा उपचार किया गया. सुबह लगभग 6 से 6.30 बजे के बीच नवजात की मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि राजेश जांगड़े अस्पताल पहुंचे. उन्होंने महिला और परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. उनका आरोप है कि डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण नवजात को समय पर इलाज नहीं मिल सका. उन्होंने इसकी सूचना बीएमओ नवीन मेहर को दी. सूचना मिलने के बाद बीएमओ नवीन मेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टाफ को फटकार लगाई तथा कई अन्य अनियमितताओं पर भी नाराजगी जताई. बताया गया कि अस्पताल में डिलीवरी के बाद मरीजों से कथित रूप से पैसे लेने के आरोप सामने आए हैं. इसके अलावा डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने जैसे आरोप भी बीएमओ के संज्ञान में लाए गए.
अस्पताल के वर्तमान प्रभारी विभाष रतोनिया ने बताया कि उनके पास हाल ही में प्रभार आया है. अनियमितताओं की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.
