इंदौर: होली और रंगपंचमी के मद्देनजर आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में हानिकारक केमिकल युक्त रंगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान शुरू किया है.
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख बाजारों में रंग और गुलाल की दुकानों पर सरप्राइज चेकिंग की. इस दौरान दुकानदारों से रंगों की गुणवत्ता के संबंध में पूछताछ कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि वे केवल हर्बल और प्राकृतिक रंगों की ही बिक्री करें.
खतरनाक रासायनिक रंगों का विक्रय करते पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. चेकिंग के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से ऐसे रंगों पर निगरानी रखी, जिनमें लेड, मरकरी, रोडियामिन-बी जैसे जहरीले तत्व या कांच का पाउडर मिला हो सकता है. अधिकारियों ने व्यापारियों को इन पदार्थों से दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी. साथ ही पुलिस कर्मियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से बाजारों में लोगों को जागरूक करते हुए अपील की कि त्वचा और आंखों की सुरक्षा के लिए रसायनिक रंगों से बचें. नागरिकों से यह भी कहा गया है कि सड़क पर चलते लोगों पर जबरन रंग न डालें और हुड़दंग से दूर रहें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी.
