सतना: जिला मुख्यालय के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कलेक्ट्रेट परिसर से चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिनदहाड़े बदमाशों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक शासकीय कर्मचारी की स्कूटी पार कर दी। पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रघुराजनगर ग्रामीण शाखा के एसडीएम कार्यालय की है। यहां पदस्थ बाबू शिवांक त्रिपाठी रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर आए थे।
उन्होंने अपनी स्कूटी (क्रमांक MP 19 MJ 9952 को कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा किया था। दोपहर को जब वह दफ्तर से बाहर आए, तो उनकी स्कूटी मौके से नदारद थी। स्कूटी गायब देखकर हड़कंप मच गया। जब कलेक्ट्रेट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो उसमें एक अज्ञात चोर बड़े ही शातिर तरीके से स्कूटी का लॉक खोलकर उसे ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर, जहां जिले के तमाम आला अधिकारियों के दफ्तर हैं और हर वक्त सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, वहां से दिनदहाड़े गाड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। इस घटना के बाद से कलेक्ट्रेट आने वाले आम लोगों और कर्मचारियों में अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।
की जा रही चोर की पहचान
पीड़ित कर्मचारी शिवांक त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर चोर की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर स्कूटी बरामद कर ली जाएगी।
