
नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने नेपाल में आयी विनाशकारी बाढ़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गहरी चिंता जताते हुए नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और जल्द वापसी के लिए राहत एवं बचाव प्रयास तेज करने की मांग की। श्री खरगे ने कहा कि नेपाल में आयी इस भीषण त्रासदी के मद्देनजर तत्काल मानवीय सहायता की जरूरत है।
भारत को नेपाल के लोगों के लिए हर संभव राहत सहायता उपलब्ध करानी चाहिए और वहां फंसे भारतीय नागरिकों के बचाव तथा सुरक्षित निकासी के प्रयासों को और तेज करना चाहिए।उन्होंने बताया कि करीब 320 भारतीय नागरिकों से अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है। इन सभी नागरिकों की सुरक्षा और उनकी जल्द से जल्द स्वदेश वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। श्री खरगे ने कहा कि यह बेहद कठिन समय है और ऐसे वक्त में भारत को नेपाल की जनता के साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए। साथ ही, उन सभी परिवारों की चिंता को भी समझना चाहिए जो अपने लापता परिजनों की खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस संकट की घड़ी में हर संभव सहायता और सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की।
