शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 919 अंक चढ़ा

मुंबई, 10 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका-ईरान के बीच स्थायी युद्ध विराम के लिए जारी वार्ता के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी लौट आयी और बीएसई का सेंसेक्स 918.60 अंक (1.20 प्रतिशत) चढ़कर 77,550.25 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की बढ़त में 24,050.60 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 10 मार्च के बाद का उच्चतम बंद स्तर है।अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी युद्ध विराम के लिए पाकिस्तान में आज से हो रही वार्ता से बाजार में निवेश धारणा को मजबूती मिली है। चौतरफा लिवाली के बीच मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने ज्यादा पैसा लगाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.27 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.65 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

आईटी की 1.91 फीसदी की गिरावट को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे। ऑटो में सबसे अधिक 2.85 प्रतिशत की तेजी रही। बैंकिंग, वित्त और रियलटी सेक्टरों के सूचकांक भी दो प्रतिशत चढ़े। सेंसेक्स की कंपनियों में एशियन पेंट्स का शेयर चार प्रतिशत के करीब मजबूत हुआ। आईसीआईसीआई बैंक में भी तीन फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गयी। महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडिगो, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर दो से तीन प्रतिशत चढ़े।
अडानी पोर्ट्स, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर एक से दो प्रतिशत तक ऊपर बंद हुए। इटरनल, मारुति सुजुकी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, बीईएल, एनटीपीसी, भारती एयरटेल और आईटीसी के शेयर भी हरे निशान में रहे।
सनफार्मा का शेयर साढ़े तीन फीसदी से अधिक टूट गया। इंफोसिस में करीब तीन प्रतिशत और टीसीएस में करीब ढाई प्रतिशत की गिरावट रही। टेक महिंद्रा का शेयर डेढ़ फीसदी और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का एक फीसदी के करीब नीचे बंद हुआ।

Next Post

एलएसजी में वानिंदु हसरंगा की जगह लेंगे जॉर्ज लिंडे

Fri Apr 10 , 2026
कोलकाता, 10 अप्रैल (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज लिंडे, लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) में वानिंदु हसरंगा की जगह लेने के लिए तैयार हैं। वानिंदु हसरंगा टी20 वर्ल्ड कप के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट से पूरी तरह उबर न पाने के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो […]

You May Like