रीवा:शहरवासियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर अजय मिश्रा बाबा की अनूठी पहल के अंतर्गत स्थापित किए जा रहे आधुनिक आरओ वाटर एटीएम प्लांट का निरीक्षण महापौर ने किया.निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस वाटर एटीएम प्लांट की कुल क्षमता 8000 लीटर है, जिसमें सीधे वाटर प्यूरीफायर के माध्यम से पानी को शुद्ध कर ठंडा किया जाएगा. साथ ही, 5000 लीटर क्षमता के टैंक के माध्यम से निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
आधुनिक तकनीक के माध्यम से सेंसर द्वारा सभी वाटर एटीएम के वाटर लेवल भी प्लांट में प्रदर्शित होंगे, जिससे जल आपूर्ति की निगरानी रखी जा सकेगी.नगर निगम द्वारा वर्तमान में शहर में 5 आरओ वाटर एटीएम प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं, जिनका 08 अप्रैल को महापौर द्वारा लोकार्पण किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, शहर के विभिन्न स्थानों पर 7 नए प्लांट शीघ्र ही स्थापित किए जाएंगे. इस प्रकार शहर में कुल 12 आरओ वाटर एटीएम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
महापौर ने कहा कि नगर निगम रीवा द्वारा शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुलभ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस आरओ वाटर एटीएम स्थापित किए जा रहे हैं. यह पहल न केवल जनसुविधा को बढ़ाएगी, बल्कि गर्मियों के मौसम में राहगीरों और शहरवासियों को स्थायी शीतल जल भी मुहैया कराएगी. उन्होंने कहा कि प्यूरीफाइड जल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. इस दौरान एमआईसी सदस्य रवि तिवारी, सहायक आयुक्त रामनरेश तिवारी, सहायक यंत्री अभिनव मौजूद रहे.
