सीहोर। बीए की परीक्षा में मुन्नाभाई पकड़ में आया है.दरअसल परीक्षार्थी की जगह उसका दोस्त परीक्षा दे रहा था. केंद्राध्यक्ष को शंका हुई तो उन्होंने सख्ती से पूछताछ की तो छात्र ने अपना नाम निखिल वर्मा बताया. केंद्राध्यक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने निखिल वर्मा, परीक्षार्थी रोहित वर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
मंगलवार को बीयू की बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा थी. स्वामी विवेकानंद कॉलेज के परीक्षा केंद्र में सम्राट अशोक कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र था.सुबह की पाली में परीक्षा के दौरान सम्राट अशोक कॉलेज के छात्र रोहित वर्मा निवासी आमाझिर के स्थान पर किसी दूसरे छात्र के उपस्थित होने का अंदेशा सहायक केंद्राध्यक्ष महेंद्र शर्मा को हुआ था. उन्होंने छात्र से पूछताछ की तो वह टूट गया.उसने अपना नाम निखिल वर्मा निवासी कांकडख़ेड़ा बताया. खास बात यह है कि यह छात्र भी सम्राट अशोक कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज का ही छात्र है. सहायक केन्द्राध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने वीक्षक रानू चन्द्रवंशी एवं केन्द ्रअध्यक्ष साबिर हुसैन को दी. इसी दौरान विश्वविद्यालय का निरीक्षण दस्ता भी कॉलेज आया था. जिसके बाद केंद्राध्यक्ष ने डायल 100 पर सूचना दी. पुलिस पहुंची और छात्र को कोतवाली ले आई. यहां केंद्राध्यक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने छात्र रोहित वर्मा और निखिल वर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.
