
गुना। गोपालपुरा तालाब की पार तोड़े जाने से आई बाढ़ के खिलाफ नागरिकों का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा। न्यू सिटी, भगत सिंह कॉलोनी, व्हीआईपी कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों के सैकड़ों लोग एबी रोड स्थित नानाखेड़ी मंडी गेट पर एकत्र होकर चक्काजाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन पर बिना चेतावनी तालाब की पार तोड़कर बाढ़ का खतरा पैदा करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने इसे प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि प्रशासन की घोर लापरवाही बताया।
बाढ़ पीड़ितों का कहना था कि उन्हें न तो चेतावनी दी गई और न ही कोई मदद मिली। कॉलोनियों में पानी गले तक भर गया, हजारों का नुकसान हुआ, और कई लोगों की जान जोखिम में पड़ी। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि 2021 की बाढ़ से भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। चक्काजाम स्थल पर पहुंचे अधिकारी लोगों को संतुष्ट नहीं कर सके। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी स्वीकार कर पीड़ितों को मुआवजा दे और स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।
लोगों ने जल निकासी, पुल-पुलिया निर्माण और पूर्व चेतावनी की पुख्ता व्यवस्था की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी दोहराई न जाए।
