
जावद। थाना क्षेत्र के नीमच रोड स्थित मोरका मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर खाई में पलट गई। गुरुवार दोपहर को हुए हादसे में मंदसौर निवासी 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार में साथ बैठी एक युवती को भी चोट आईं। दोनों का जावद सिविल अस्पताल में इलाज जारी है।
तेज रफ्तार के कारण चालक ने खोया नियंत्रण
पुलिस के अनुसार सफेद रंग की डस्टर कार (क्रछ्व 27 ष्टष्ठ 0254) सुवाखेड़ा की ओर से जावद की तरफ आ रही थी। मोरका मोड़ पर आते ही तेज रफ्तार के चलते ड्राइवर का कार पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सडक़ से नीचे उतरकर कई बार पलट गई।
युवक को आई गंभीर चोट, युवती भी घायल
हादसे में कार चला रहे अरविंद पिता गट्टू सिंह राजपूत (20), निवासी ग्राम चिकला, जिला मंदसौर को हाथ-पैर में गंभीर चोट आईं। वहीं कार में सवार युवती भी घायल हो गई।
डायल-112 ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और राहगीरों की मदद से घायल युवक और युवती को कार से बाहर निकाला गया और तुरंत जावद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। हादसे के बाद मोरका मोड़ पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
