राजपुरा 12 जून (वार्ता) पंजाब के राजपुरा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय और उनका आवास चौबीसों घंटे खुला रहता है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण, अधिकारों की रक्षा और जनहित के कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
राजपुरा में सैनी समाज वेलफेयर कमेटी द्वारा आयोजित सैनी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाज को संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी और सैनी समाज को राजनीतिक रूप से भी निर्णायक भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों से लोगों को गुमराह किया गया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं तथा भावांतर भरपाई योजना के माध्यम से किसानों को राहत दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार चुनावी संकल्पों को तेजी से पूरा कर रही है। महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, किसानों को फसल विविधीकरण पर प्रोत्साहन राशि तथा बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को नियमित पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा पंजाब में विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मोहाली-राजपुरा रेल बाईपास भी शामिल है। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
सम्मेलन में सैनी समाज के अनेक प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
