
इंदौर. लव जिहाद केस में कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी की गिरफ्तारी के बाद शहर की फिजा में एक नया मोड़ आ गया. जैसे ही गिरफ्तारी की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, 24 से ज्यादा महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतर आईं और पुलिस के खिलाफ विरोध जताने लगीं. बगैर अनुमति किए गए इस प्रदर्शन पर देर रात सदर बाजार पुलिस ने हम्मू उर्फ हमीद और सलमा बी सहित अन्य महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया.
सदरबाजार थाना प्रभारी यशवंत बडोले ने बताया कि बुधवार दोपहर हम्मू और सलमा बी के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं बड़वाली चौकी के पास जमा हो गईं और बाणगंगा क्षेत्र में दर्ज लव जिहाद केस में अनवर कादरी की गिरफ्तारी का विरोध करने लगीं. महिलाओं ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं और सरकार तथा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने इतना हंगामा मचाया कि कई स्कूली वाहन भी जाम में फंस गए. इनमें छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिन्हें गर्मी और भीड़ के चलते काफी परेशानी उठानी पड़ी. पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वे टस से मस नहीं हुईं. आखिरकार, मौके पर पहुंचे अफसरों ने सख्ती दिखाई, जिसके बाद भीड़ को हटाया और यातायात सामान्य हो सका.
पहले क्राइम ब्रांच पर भी किया था विरोध
बीते तीन दिन पहले क्राइम ब्रांच ने अनवर कादरी की बेटी आयशा को दिल्ली से गिरफ्तार किया है, उस पर लव जिहाद केस में आरोपी पिता से वकालतनामा साइन कराने और मोबाइल सिम के जरिये संपर्क में रहने का आरोप है. गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच दफ्तर में भी इन महिलाओं ने हंगामा किया था और पुलिस पर आयशा को झूठा फंसाने का आरोप लगाया था. पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थल पर बिना अनुमति प्रदर्शन करना, भीड़ एकत्र करना और ट्रैफिक अवरुद्ध करना कानूनन अपराध है. इसी के तहत हम्मू, सलमा और अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.
