मप्र की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा से किया वॉकआउट

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कानून व्यवस्था पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान कहा कि प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आ चुकी है और सरकार न सिर्फ असफल है बल्कि अपराधियों को संरक्षण दे रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में जहां मीडिया की पहुंच नहीं है, वहां अपराधों की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और प्रशासन की ओर से समय पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। सिंघार ने दावा किया कि सरकार आंकड़ों का वर्गीकरण कर सच्चाई को छिपाने का प्रयास कर रही है, जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश में 21,000 से अधिक बेटियां और महिलाएं लापता हैं।

सिंघार ने गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास होने का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्षी विधायकों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं और 72 घंटे बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना इस बात का संकेत है कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है।

उन्होंने गुजरात में पकड़े गए 1800 करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले का जिक्र करते हुए प्रदेश में सक्रिय ड्रग्स तस्करों जैसे शारिक मछली और शरीफ मछली की ओर इशारा किया। सिंघार ने आरोप लगाया कि इन तस्करों को छुड़ाने में सत्ता पक्ष के लोग खुद शामिल हैं, जिससे साफ है कि ड्रग्स माफिया को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

सरकार की ओर से दिए गए जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में विरोध जताया और बाद में सामूहिक रूप से वॉकआउट कर दिया।

Next Post

हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं: कलेक्टर के आदेश पर उठे सवाल, हाईकोर्ट में पहुंचा मामला

Thu Jul 31 , 2025
इंदौर. शहर में दोपहिया चालकों के लिए बिना हेलमेट पेट्रोल न देने के प्रशासनिक आदेश को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई है. शहर के नागरिकों की तरफ से इस फैसले को असंवैधानिक और अव्यावहारिक बताया है. याचिका में तर्क दिया गया है कि जहां ट्रैफिक की रफ्तार सामान्यतः धीमी […]

You May Like