
भोपाल। दिगंबर जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन के तीसरे और अंतिम दिन देश-विदेश से आए प्रत्याशियों ने मंच से आत्मविश्वास के साथ अपना परिचय दिया। सम्मेलन में युवक-युवतियों ने बेझिझक अपनी जानकारी साझा की, वहीं प्रकाशित स्मारिका के माध्यम से अभिभावकों ने रिश्तों की जानकारी ली। अंतिम दिन भी सम्मेलन में भारी भीड़ देखने को मिली और परिवारों के बीच संवाद का सिलसिला चलता रहा।
समिति के मीडिया प्रभारी सुनील जैनविन ने बताया कि अंतिम दिन 300 से अधिक प्रत्याशियों ने परिचय दिया। महामंत्री इंजीनियर विनोद जैन ने कहा कि यह सम्मेलन योग्य जीवनसाथी की तलाश का सशक्त मंच है, जिससे समय और संसाधनों की बचत होती है। पिछले 25 वर्षों से आयोजित यह सम्मेलन जैन समाज में वैवाहिक रिश्तों को सुदृढ़ करने के साथ तलाकशुदा युवाओं को भी नई शुरुआत का अवसर देता है।
