
सिंगरौली। जिले के अधिकांश हिस्सों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई क्षेत्रों में दृश्यता घटकर मात्र 10 से 20 मीटर रह गई। जिला मुख्यालय बैढ़न, देवसर, चितरंगी, सरई सहित ग्रामीण अंचलों में कोहरे की मोटी चादर के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों तथा दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह करीब 10 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंटा और धूप निकलने से कुछ राहत मिली, हालांकि ठंडी हवाओं के चलते दिनभर सर्दी का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रात की ठंड और बढ़ गई है।
इधर बढ़ती ठंड को देखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह ने आदेश जारी किया है कि जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएससी, आईसीएससी, मदरसा एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं सोमवार 15 दिसंबर से प्रातः 9 बजे के बाद ही संचालित होंगी।
