इंदौर: बाणगंगा क्षेत्र में महिला से मोबाइल झपटकर भागे दो बदमाशों को पुलिस ने घटना के चार दिन बाद पकड़ लिया. पुलिस को उनकी तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों बाइक से घूम रहे हैं और सस्ते दाम में मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहे हैं. घेराबंदी होते ही आरोपियों ने बाइक दौड़ा दी. पुलिस ने पीछा किया तो सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में बाइक डिवाइडर से टकरा गई. दोनों के गिरते ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. उनके पास से झपटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है.
घटना 16 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे की है. एक महिला स्कूल से पैदल घर जा रही थी. मिलन सुंदरम मैरिज गार्डन के सामने वह मोबाइल से पति को फोन कर रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और हाथ से मोबाइल झपटकर भाग गए. झपटमारी के दौरान महिला सड़क पर गिर गई और उसे चोट आई. उपचार कराने के बाद उसने 20 सितंबर को बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में सूचना मिली. टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की तो बाइक सवार दोनों युवक नजर आए. पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की. पीछा करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में डिवाइडर से टकरा गई. दोनों आरोपी सड़क पर गिर गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.
एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि तलाशी में एक आरोपी के पास से पोको कंपनी का मोबाइल मिला. तकनीकी जांच में मोबाइल की पहचान पीड़िता के झपटे गए फोन के रूप में हुई. पुलिस ने बाइक भी जब्त कर ली. दोनों आरोपियों की पहचान लक्की पिता मदनलाल जाटव उम्र 21 साल, निवासी शिवकंठ नगर और अजय पिता नानूराम धारवे उम्र 19 साल, निवासी शिवकंठ नगर के रूप में हुई है. दोनों से पूछताछ कर पुलिस अन्य मोबाइल झपटमारी और चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है. साथ ही आरोपियों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है. पूछताछ में सामने आने वाली अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है
आरोपी लक्की पर दर्ज हैं 15 आपराधिक केस
वर्ष 2018 से 2026 के बीच 15 प्रकरण दर्ज हैं. इनमें मारपीट, चोरी, हथियार रखने, मादक पदार्थ और आबकारी से जुड़े मामले शामिल हैं. वर्ष 2024 में भी मादक पदार्थ और चोरी से जुड़े प्रकरण दर्ज हुए. वर्तमान मोबाइल झपटमारी का मामला भी उसके रिकॉर्ड में शामिल हुआ है.
आरोपी अजय का भी है आपराधिक रिकॉर्ड
वर्ष 2021 से 2026 के बीच 4 प्रकरण दर्ज हैं. इनमें चोरी और आबकारी से जुड़े मामले शामिल हैं. वर्ष 2026 में आबकारी से संबंधित एक मामला दर्ज हुआ था. वर्तमान मोबाइल झपटमारी का प्रकरण भी उसके खिलाफ दर्ज किया है
