भुवनेश्वर, 10 जून (वार्ता) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से ओडिशा में आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए तैयारियां तेज करने का आह्वान किया तथा मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने का भी आग्रह किया।
वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव लड़ने वाले पार्टी उम्मीदवारों की पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए श्री पटनायक ने कहा कि उनके लगातार 24 वर्षों के शासनकाल के दौरान ओडिशा ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश भर में अपनी एक विशिष्ट और सकारात्मक पहचान बनाई है।
पार्टी के शासन के रिकॉर्ड को रेखांकित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा आपदा प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, खेल, सिंचाई और बुनियादी ढांचे के विकास में एक मॉडल राज्य के रूप में उभरा है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बीजेडी सरकार द्वारा लागू किए गए विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों से किसानों, महिलाओं और समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को व्यापक लाभ मिला है। स्थानीय निकाय चुनावों के नजदीक आने के मद्देनजर, श्री पटनायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरे आत्मविश्वास और प्रतिबद्धता के साथ जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियां शुरू करने को कहा।
