भाजपा के पूर्व मंत्री को फिर मिली गोली मारने की धमकी, एफआईआर दर्ज

जबलपुर। मप्र शासन के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को मोबाइल फोन पर गोली मारने की धमकी मिली है। गोरखपुर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक पूर्व मंत्री हरेंद्रजीत सिंह बब्बू 65 वर्षीय निवासी मदनमहल चौक, गुप्तेश्वर ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया कि 8 जून की शाम करीब 7:9 बजे वह कार से गोरखपुर बाजार की तरफ जा रहे थे। जब उनकी कार कटंगा तिराहा के पास पहुंची, तभी उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन उठाते ही सामने वाले व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पूर्व मंत्री ने तुरंत फोन काट दिया। पुलिस ने पूर्व मंत्री की शिकायत पर अज्ञात धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस की साइबर सेल टीम मोबाइल नंबर को ट्रेस कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

डेढ़ महीने में दूसरी बार मिली धमकी, सुरक्षा की मांग

पूर्व मंत्री ने बताया कि वह इस नंबर के धारक को नहीं जानते हैं। उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले भी उन्हें इसी तरह जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसकी उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई थी। डेढ़ महीने के भीतर दोबारा धमकी मिलने से उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। बब्बू पिछले 25 वर्षों से पश्चिम विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी और विधायक रहे हैं।

Next Post

दूसरे टेस्ट के लिए अंतरिम कप्तान जो रूट इंग्लैंड की कमान संभालेंगे

Wed Jun 10 , 2026
लंदन, 10 जून (वार्ता) इंग्लैंड ने द ओवल में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है। बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में जो रूट टीम की कप्तानी करेंगे। गस एटकिंसन को टीम से बाहर रखा गया है, जबकि जोफ़्रा आर्चर और जॉर्डन कॉक्स की […]

You May Like