सतना: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को रामपुर बाघेलान विधानसभा क्षेत्र के कोटर से एक भव्य यूनिटी मार्च निकाला गया। इस पदयात्रा में सांसद गणेश सिंह और विधायक विक्रम सिंह विकी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए, जिसका स्थानीय लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। यात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर जोर देना है।
यात्रा कोटर बस स्टैंड से प्रारंभ होकर ग्राम अबेर, अबेर बस स्टैंड, शशि सूरज पैलेस (अबेर), माधवपुर, बिहरा, बिहरा बस स्टैंड, अहरीटोला, टिकुरी में गब्बर सिंह पेट्रोल टंकी, सब स्टेशन मगरवार होते हुए टिकुरी बस स्टैंड पर समापन हुआ। मार्ग अवधि में कई मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां सांसद गणेश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और यात्रा प्रभारियों ने उपस्थितजनों को संबोधित किया। स्थानीय निवासियों ने फूलमालाओं और पारंपरिक तरीके से मार्च का जोरदार स्वागत किया, जो सरदार पटेल के योगदान को याद करने का एक जीवंत उदाहरण बना।
मोदी सरकार ने भारत को विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनाया: सांसद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद गणेश सिंह ने सरदार पटेल के अखंड भारत निर्माण के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, सरदार पटेल ने देश को एकजुट कर अखंड भारत का निर्माण किया, जिससे लोकतंत्र को मजबूती मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया है। सभी धर्मों और वर्गों को एक साथ लेकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत बनाने का नरेंद्र मोदी का आह्वान पूरी दुनिया में दिखाई दे रहा है।
