ढाका/इस्लामाबाद, 17 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान की विदेश सचिव अमना बलूच ने गुरुवार को ढाका में अपने बंगलादेशी समकक्ष मोहम्मद जशीम उद्दीन से मुलाकात की।
इसके साथ ही, बंगलादेश और पाकिस्तान के बीच 15 वर्षों में पहली बार विदेश सचिव स्तर की वार्ता हुयी।दोनों पक्षों ने राजकीय अतिथि गृह पद्मा में कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार की 27-28 अप्रैल को होने वाली ढाका यात्रा से पहले विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) आयोजित किया जा रहा है। जो 2012 के बाद से पाकिस्तान से पहली विदेश मंत्री स्तरीय यात्रा होगी।
‘डेली स्टार’ के अनुसार दोनों विदेश सचिवों के बीच बैठक राजकीय अतिथि गृह पद्मा में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई।
पिछले साल अगस्त में श्रीमती शेख हसीना की अवामी लीग के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद से बंगलादेश पाकिस्तान के साथ अपने संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहा है।
विदेश सचिव स्तर की वार्ता के बाद सुश्री बलोच बंगलादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस और विदेश सलाहकार तौहीद हुसैन से मिलने वाली हैं। वह थिंक-टैंक के साथ बातचीत में भी शामिल होंगी और आज शाम राजधानी में पाकिस्तानी प्रवासियों से मिलेंगी।
अगस्त 2024 में श्री यूनुस के नेतृत्व वाली सेना समर्थित अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद से बंगलादेश पाकिस्तान के साथ नज़दीकी बढ़ा रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और श्री यूनुस की पिछले साल दो बार मुलाकात हुई थी। पहली बार सितंबर में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान और बाद में दिसंबर में काहिरा में डी-8 शिखर सम्मेलन में।
बंगलादेश द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीज़ा नियमों को आसान बनाने और सीधे शिपिंग लिंक शुरू करने से संबंधों में तेज़ी से गर्मजोशी आई है। इस्लामाबाद सांस्कृतिक आदान-प्रदान आयोजित करने और ढाका के साथ व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने का भी इच्छुक है।
