मिडिल ईस्ट युद्ध का असर: रसोई गैस एंव पेट्रोल लेने मची होड़

सीधी। मिडिल ईस्ट में जारी ईरान और अमेरिका व इजराइल के बीच चल रहे युद्ध एवं बढ़ते तनाव का असर अब दिखने लगा है। अफवाहों के चलते लोगों का हुजूम रसोई गैस लेने एवं पेट्रोल पम्पों में उमडऩे लगा है। हालांकि सीधी जिले में रसोई गैस एवं पेट्रोल की आपूर्ति आज अनवरत रूप से बनी रही। फिर भी लोगों में अफवाह का इतना ज्यादा असर बढ़ रहा है कि जरूरत न होने पर भी रसोई गैस सिलेण्डर लेकर लोग एजेंसियों में कतार लगाए नजर आए।

सीधी शहर के जिन प्वाइंटों में रसोई गैस का वितरण होता है वहां भी आज रसोई गैस लेने के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। चर्चा के दौरान गैस एजेंसियों के कुछ कर्मचारियों का कहना था कि वर्तमान में रसोई गैस का स्टाक मौजूद है। फिर भी लोग जरूरत न होने के बावजूद रसोई गैस लेने के लिए भीड़ लगा रहे हैं। रसोई गैस लेने के लिए जगह-जगह लोगों की उमड़ती भीड़ को लेकर अन्य लोग भी खाली गैस सिलेण्डर लेकर चक्कर काटने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल गैस की वैश्विक सप्लाई प्रभावित होने के कारण केन्द्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए व्यावसायिक गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार के निर्देश के बाद तेल विपणन कम्पनियों ने गैस एजेंसियों को कामर्शियल सिलेण्डर की बुकिंग सीमित करने के आदेश दिए हैं। विशेष रूप से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य निजी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल गैस की आपूर्ति रोंकने के निर्देश दिए गए हैं। गैस एजेंसियों के नोटिस बोर्ड पर जिसकी नोटिस चस्पा हो चुकी है। हालांकि अस्पताल, जेल, पुलिस किचन और प्रतिष्ठानों जैसे अत्यावश्यक सेवाओं में गैस की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी नई व्यवस्था लागू की गई है। अब एक घरेलू गैस सिलेण्डर मिलने के बाद उपभोक्ता को अगले सिलेण्डर की बुकिंग 25 दिन बाद ही करने की अनुमति होगी। इस वजह से भी बिना जरूरत सिलेण्डर लेने वाले ज्यादा परेशान दिख रहे हैं। उधर पेट्रोल पम्पों में भी अफवाह के चलते पेट्रोल लेने वालों की भीड़ आज सुबह से ही उमड़ती नजर आई। जो व्यक्ति पहले 100 रुपए का पेट्रोल बमुश्किल डलाते थे अब वह 500 रुपए का पेट्रोल डलवाने की जिद पर अड़े हुए हैं। इसके अलावा कुछ लोग तो डिब्बा और गैलन में भी पेट्रोल जमा करने में मुस्तैद नजर आए। शहर के अस्पताल तिराहा स्थित पेट्रोल पम्प आज दूसरे दिन भी ड्राई रहा। जिसके चलते लोगों को अन्य पेट्रोल पम्प में जाने की मजबूरी रही।

व्यवसायिक सिलेण्डर के अभाव में बंद हो रहे रेस्टोरेंट

व्यावसायिक सिलेण्डरों की बुकिंग का कार्य पूरी तरह से रोक दिया गया है। लिहाजा व्यावसायिक सिलेण्डर के अभाव में रेस्टोरेंट बंद होने लगे हैं। कुछ होटलों में रसोई गैस का उपयोग करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ढाबों में तो पूर्व से ही रसोई गैस का उपयोग बेखौफ होकर किया जा रहा था। कार्यवाई ना होने के कारण वह अभी तक पूरी तरह से निश्चिंत रहे हैं अब रसोई गैस सिलेण्डरों के दुरूपयोग को लेकर भी प्रशासनिक सतर्कता सामने आ रही है। इसके बाद कार्रवाई की गाज ऐसे व्यवसायियों पर गिर सकती है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने जारी की निषेधाज्ञा

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर जिले में सोशल मीडिया एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों पर आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक, गलत या अपुष्ट जानकारी पोस्ट अथवा शेयर करने पर प्रतिबंध लगाया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य प्रावधानों के तहत कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जारी आदेश में कहा गया है कि सीधी जिले में कुछ व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति के संबंध में भ्रामक एवं गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है और इससे जनसामान्य के जीवन-यापन पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका है। इन परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह निषेधाज्ञा जारी की गई है।

इनका कहना है

जिले में रसोई गैस एवं पेट्रोल की वर्तमान में कोई कमी नहीं है, लोग जरूरत के अनुसार ही इनको लेने के लिये आगे आयें, अफवाहों पर कतई ध्यान ना दें। सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की जो भी अफवाहें सामने आ रही हैं वह निराधार हैं। जिले में रसोई गैस एवं पेट्रोल का वितरण किया जा रहा है।

बी.पी.पाण्डेय, अपर कलेक्टर सीधी

Next Post

अवैध कब्जा नहीं हटाने पर अतिक्रमणकारी को 15 दिन की सिविल जेल

Thu Mar 12 , 2026
कटनी। न्यायालय के आदेश के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाने वाले अतिक्रमणकारी के खिलाफ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटनी के न्यायालय ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे 15 दिन की सिविल जेल भेजने का आदेश दिया है। आदेश के बाद अतिक्रमणकारी को न्यायालय से ही पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया […]

You May Like