भोपाल, (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज देर शाम राज्य उच्च न्यायालय के आदेश के पालन के संबंध में संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए।
डॉ यादव ने रात्रि में सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, “माननीय मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए माननीय मुख्यमत्री जी ने कैबिनेट मंत्री श्री विजय शाह के बयान के संदर्भ मे कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।”
इसके पूर्व दिन में डॉ यादव बंगलुरु के प्रवास पर रहे। वहां से देर शाम लौटने के बाद उनकी इस संबंध में राज्य सरकार के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से चर्चा हुयी। इस संबंध में डॉ यादव की प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद से भी चर्चा हुयी। इस बीच इंदौर जिले के मानपुर थाने में देर रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे मंत्री शाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो गयी।
श्री शाह ने बुधवार की रात्रि में मंत्री पद से त्यागपत्र नहीं दिया। माना जा रहा है कि इस संबंध में गुरुवार को राज्य उच्च न्यायालय में सुनवायी होने की संभावना है। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस के नेता मंत्री शाह के त्यागपत्र की मांग पर अड़े हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता उमा भारती ने भी सोशल मीडिया के जरिए कहा कि श्री शाह को मंत्री पद पर रहने का अधिकार नहीं है। वे त्यागपत्र दें या फिर उन्हें बर्खास्त किया जाए।
