ढाका (वार्ता) बंगलादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने चटगांव बंदरगाह को देश की अर्थव्यवस्था का दिल बताया और नेपाल तथा भारत के पूर्वोत्तर राज्यों से बंदरगाह में शामिल होने का यह कहते हुए आग्रह किया कि यह सभी पक्षों के लिए फायदेमंद होगा।
यूनुस ने कहा कि अंतरिम सरकार ने बंदरगाह के प्रबंधन को वैश्विक ऑपरेटरों को सौंपकर इसे विश्व स्तरीय बनाने की पहल की है।
बंगलादेश संगबाद संस्था के अनुसार मुख्य सलाहकार ने आज चटगाँव बंदरगाह के न्यू मूरिंग कंटेनर टर्मिनल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंदरगाह के विकास को एक बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए एक बड़ा अवसर होगा। एक बार सरकार की योजनाएँ मूर्त रूप ले लें तो इससे देश की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा और हज़ारों लोगों के लिए रोज़गार पैदा होंगे।”
चटगांव बंदरगाह को बंगलादेश की अर्थव्यवस्था का दिल बताते हुए मुख्य सलाहकार ने कहा, “यदि हृदय कमजोर है, तो कोई भी चिकित्सक इसे बेहतर ढंग से कार्य नहीं करवा सकता। इसलिए हमें इसे विश्वस्तरीय बनाना होगा। इस दिल को हमारे पड़ोसियों से जोड़ा जाना चाहिए। मैंने नेपाल और भारत के सात पूर्वोत्तर राज्यों – सेवन सिस्टर्स का उल्लेख किया है। यदि वे इसमें शामिल होते हैं, तो उन्हें लाभ होगा, और हमें भी। जो नहीं जुड़ेंगे, वे पीछे रह जाएंगे।”
