जबलपुर: मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गोपाल प्रसाद खाण्डेल, तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जिला जबलपुर एवं हाल से सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक, पीटीएस सागर को भोपाल में उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, अनुशासित सेवा और उच्च स्तरीय व्यावसायिक दक्षता के लिए प्रतिष्ठित के.एफ. रूस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें वर्ष 2021-22 की अति विशिष्ट श्रेणी में प्रदान किया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रमाण-पत्र में उनके कर्तव्य पालन, नेतृत्व क्षमता और पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। गोपाल प्रसाद खाण्डेल ने जबलपुर शहर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
