
जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत ग्राम नीलखेड़ा झुरझरू स्थित एक खेत में गांजे के पौधे लगे हुए थे। जैसे ही इसकी भनक पुलिस को लगी तो पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर दी। मादक पदार्थ गांजा के कारोबार में लिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया, मौके से 4 किलो 200 ग्राम गांजा जप्त किया गया।
पनागर थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर ने बताया कि सूचना मिली कि श्री राम गौंड़ ग्राम नीलखेड़ा झुरझरू में अपने खेत में अवैध रूप से गांजा के पौधे लगा रखा है, सूचना पर एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रावधानो के तहत कार्यवाही करते हुये तत्काल ग्राम झुरझुरू में दबिश दी गयी। घेराबंदी कर श्रीराम उर्फ नन्हू सिंह ठाकुर (गौंड़) 48 वर्ष निवासी ग्राम झुरझुरू को पकड़ा गया, जिसने उक्त खेत स्वंय का होना बताया, जिसे सूचना से अवगत कराते हुये तलाशी लेने पर खेत में लगी सब्जी एवं चारा के बीच में गांजा के हरे पौधे लगे दिखे, खेत मे लगे कुल 11 पौधे गांजा उखडवाकर तौल करने पर 4 किलो 200 ग्राम वजन होना पाया गया।
