ब्रिटेन होर्मुज की सैन्य नाकेबंदी में अमेरिका के साथ शामिल नहीं होगाः स्टार्मर

ब्रिटेन होर्मुज की सैन्य नाकेबंदी में अमेरिका के साथ शामिल नहीं होगाः स्टार्मर

लंदन/अंकारा, 13 अप्रैल (वार्ता) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उनका देश ईरान के खिलाफ अमेरिका के नेतृत्व वाली किसी भी नौसैनिक नाकेबंदी में शामिल नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रिटेन को ईरान के साथ युद्ध में नहीं घसीटा जाएगा। श्री स्टार्मर ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को नौवहन के लिए पूरी तरह खुला रखना उनकी प्राथमिकता है, क्योंकि इसके बंद होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हो रहे हैं और लोगों के लिए बिजली-गैस के बिल बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह हमारा युद्ध नहीं है और हम इसमें नहीं फंसेंगे।” इसी तरह, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी कहा कि उन्हें अमेरिका से नाकेबंदी में शामिल होने का कोई अनुरोध नहीं मिला है और वे अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के सम्मान के पक्ष में हैं।

इस बीच, तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने उम्मीद जताई कि होर्मुज जलडमरूमध्य का मुद्दा निकट भविष्य में कूटनीतिक रास्तों से सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि इसके विनियमन (रेगुलेशन) में कुछ बदलाव संभव हैं। उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए मौजूदा युद्धविराम को 45 से 60 दिनों के लिए बढ़ाने का सुझाव भी दिया।दूसरी ओर, ईरान के सशस्त्र बलों ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसके बंदरगाहों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ, तो क्षेत्र का कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा। ईरान ने अमेरिकी नाकेबंदी को ‘समुद्री डकैती’ करार देते हुए कहा कि ये रणनीतिक जल क्षेत्र ‘या तो सबके लिए सुरक्षित होंगे या किसी के लिए भी नहीं।’

 

 

Next Post

अमेरिका में यू वीजा के लिए धोखाधड़ी करने के आरोप में 10 भारतीय नागरिक दोषी

Mon Apr 13 , 2026
बोस्टन, 13 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के बोस्टन में एक संघीय ग्रैंड जूरी ने 10 भारतीय नागरिकों को सुविधा स्टोरों में फर्जी सशस्त्र डकैती के मामले में दोषी ठहराया है। इन डकैतियों का मकसद स्टोर क्लर्कों को आव्रजन आवेदनों में पीड़ित के रूप में फर्जी दावा करने की अनुमति दिलाना था। […]

You May Like