जबलपुर: त्योहारों का मौसम शुरू होते ही बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ ने शहर की यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी है। रविवार को प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र गलगला चौक पर अनियंत्रित ई-रिक्शा, बेतरतीब खड़े दोपहिया और कारों के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रही। संकरी सड़कों पर वाहनों की कतार के बीच राहगीरों के लिए पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया। सवारी बैठाने की होड़ में ई-रिक्शा चालकों के बीच सड़क पर रुकने और मनमाने ढंग से वाहन खड़े करने से हालात और बिगड़ गए। खास बात यह रही कि भीड़भाड़ के बावजूद मौके पर यातायात पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नजर नहीं आई।
त्योहारी खरीदारी बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में गलगला और आसपास के बाजार क्षेत्रों में दबाव और बढ़ने की आशंका है। सड़क किनारे अवैध पार्किंग, लोडिंग वाहनों की आवाजाही और बीच सड़क पर सवारी उतारने-बिठाने की आदत ने पहले से संकरे मार्गों को और मुश्किल बना दिया है। यदि अभी से व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो त्योहारों के दौरान न केवल जाम की समस्या बढ़ेगी, बल्कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए भी रास्ता निकालना चुनौती बन सकता है।
लगाया जाए भारी जुर्माना
अब जरूरत स्थायी ट्रैफिक प्लान की है। बाजार क्षेत्रों में ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग रूट व निर्धारित स्टॉपेज तय किए जाएं, पीक टाइम में भारी या लोडिंग वाहनों की आवाजाही नियंत्रित हो और सड़क पर बेतरतीब पार्किंग करने वालों पर तत्काल भारी जुर्माना लगाया जाए। प्रमुख चौराहों और बाजार के प्रवेश मार्गों पर त्योहारी सीजन तक अतिरिक्त यातायात बल की तैनाती भी जरूरी है। त्योहारों की भीड़ को देखते हुए यदि समय रहते सख्त ट्रैफिक प्लान लागू नहीं किया गया तो बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों के लिए जाम सबसे बड़ी परेशानी बन सकता है।
