कोच्चि, 05 नवंबर (वार्ता) कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के कोच्चि क्षेत्रीय कार्यालय ने ‘कर्मचारी नामांकन अभियान, 2026’ के तहत 195 प्रतिष्ठानों के माध्यम से 2,000 से अधिक कर्मचारियों का नामांकन करके, राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान और केरल में पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रव्यापी अभियान के हिस्से के रूप में, क्षेत्रीय कार्यालय 29 ऐसे प्रतिष्ठानों को ईपीएफ सामाजिक सुरक्षा ढांचे के दायरे में लाने में सफल रहा, जो पहले इसमें शामिल नहीं थे। इससे कार्यबल के एक बड़े हिस्से को भविष्य निधि, पेंशन और जीवन बीमा का लाभ मिल सकेगा।
नए शामिल हुए कर्मचारी, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) और कर्मचारी जमा-लिंक्ड बीमा (ईडीएलआई) के तहत मिलने वाले लाभों के पात्र होंगे। ईडीएलआई के अंतर्गत सात लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है। केंद्र सरकार द्वारा ‘सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020’ के तहत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र कर्मचारियों की पहचान करना था, जो अब तक सामाजिक सुरक्षा प्रणाली से बाहर थे, और उन्हें इस प्रणाली में शामिल होने में मदद करना था। इसके साथ ही, इसने प्रतिष्ठानों को कानूनी प्रावधानों के अनुसार ऐसे कर्मचारियों के कवरेज को स्वेच्छा से नियमित करने का अवसर भी दिया।
यह उपलब्धि कोच्चि क्षेत्रीय कार्यालय के प्रवर्तन अधिकारियों और प्रशासनिक कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम थी, जिसमें प्रतिष्ठानों और उनके प्रतिनिधियों का सहयोग भी शामिल था।
यह अभियान 31 अक्टूबर को समाप्त हो गया, जो संस्थान अब भी अपने पात्र कर्मचारियों को ईपीएफ कवरेज देना चाहते हैं, वे वैधानिक कवरेज के संबंध में मार्गदर्शन और सहायता के लिए कोच्चि, त्रिशूर और अलाप्पुझा स्थित ईपीएफओ कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।

