
भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इन पुरस्कारों के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शित असाधारण साहस, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर उत्कृष्टता को सम्मानित किया जाएगा।
मध्यप्रदेश पुलिस का यह पुरस्कार बल के सर्वोच्च सम्मानों में से एक माना जाता है। इसे उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने दस्यु उन्मूलन, नक्सल विरोधी अभियानों, सांप्रदायिक तनाव की स्थितियों तथा गंभीर कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों का सामना करते हुए उल्लेखनीय साहस और नेतृत्व का परिचय दिया है।
पुरस्कार तीन श्रेणियों परम विशिष्ट, अति विशिष्ट और विशिष्ट—में प्रदान किए जाते हैं। इसका उद्देश्य उत्कृष्ट सेवाओं को पहचान देना तथा पुलिस संगठन में समर्पण, साहस और श्रेष्ठ कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश पुलिस की पेशेवर दक्षता, जनसेवा के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मानित अधिकारी और कर्मचारी भविष्य में भी अपनी सेवाओं से पुलिस बल की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
वर्ष 2022-23 के लिए अति विशिष्ट श्रेणी में सहायक पुलिस आयुक्त निधि सक्सेना तथा उप निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला को सम्मानित किया गया है। वहीं विशिष्ट श्रेणी में विशेष अभियान, अपराध अनुसंधान, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा तथा नक्सल विरोधी इकाइयों सहित विभिन्न शाखाओं के 24 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चयनित किया गया है।
वर्ष 2023-24 के लिए परम विशिष्ट श्रेणी का सम्मान पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, उप पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह सिकरवार, निरीक्षक कंचन ठाकुर तथा एटीएस के राजेश कुमार और कमलेश सिंह को प्रदान किया गया है।
इसके अतिरिक्त अति विशिष्ट श्रेणी में छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विशिष्ट श्रेणी में 35 पुलिसकर्मियों को पुलिसिंग, खुफिया सूचना संकलन, साइबर जांच, आतंकवाद निरोधक अभियानों और नक्सल विरोधी गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इन पुरस्कारों की घोषणा मध्यप्रदेश पुलिस नेतृत्व की उस प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जिसके तहत साहस, ईमानदारी और उत्कृष्ट जनसेवा को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
