नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर बीजेपी ने निशाना साधा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के नेताओं को राम मंदिर और कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अखिलेश यादव रामलला के दर्शन करने से पहले कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना के लिए पश्चाताप करेंगे?
गौरव भाटिया ने समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय के बयान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की कार्रवाई को सही ठहराया था। भाटिया ने कहा कि एक तरफ अखिलेश यादव अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन करने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी पार्टी के नेता कारसेवकों पर गोली चलाने के फैसले को सही बता रहे हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
बीजेपी प्रवक्ता ने सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के पुराने बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कारसेवकों पर गोलीबारी की घटना और संसद में राम मंदिर को लेकर की गई टिप्पणियों का हवाला देते हुए पूछा कि क्या अखिलेश यादव इन बयानों से सहमत हैं? उन्होंने कहा कि देश राम मंदिर आंदोलन में कारसेवकों के बलिदान को नहीं भूला है।
गौरव भाटिया ने अखिलेश यादव के पुराने मंदिर संबंधी बयानों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी चुनावी राजनीति के बीच हिंदू मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए अपनी राजनीतिक छवि बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या जाने से पहले कारसेवकों पर हुई गोलीबारी और अपनी पार्टी के नेताओं के बयानों पर जवाब देना चाहिए।
बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता इन मुद्दों पर समाजवादी पार्टी से सवाल करेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका राजनीतिक जवाब देगी।
