गलगोटिया विश्वविद्यालय ने उज्ज्वल प्रताप को रणनीतिक संचार एवं जनसंपर्क का निदेशक बनाया

ग्रेटर नोएडा, 23 अप्रैल (वार्ता) गलगोटिया विश्वविद्यालय ने कॉर्पोरेट संचार में अनुभव रखने वाले उज्ज्वल प्रताप को रणनीतिक संचार एवं जनसंपर्क का निदेशक नियुक्त किया है। विश्वविद्यालय ने यह नया पद सृजित किया है। उसने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि विश्वविद्यालय के अगले चरण में प्रवेश के साथ ही एक अनुभवी संचार पेशेवर को शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि यह नियुक्ति ऐसे समय में की गयी है जब इस साल की शुरुआत में दिल्ली में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन में चीन में बने एक रोबोटिक डॉग को अपनी इजाद बताने के कारण गलगोटिया विश्वविद्यालय की काफी फजीहत हुई थी और उसे सम्मेलन से अपना स्टॉल हटाने का आदेश दिया गया था।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि विश्वविद्यालय में अपनी नयी भूमिका में श्री प्रताप छात्रों, अभिभावकों, प्राध्यापकों, नियोक्ताओं, नियामकों और वैश्विक भागीदारों सहित मुख्य मुख्य हितधारक समूहों के बीच रणनीतिक संचार, मीडिया संपर्क, थॉट लीडरशिप पहल, अंतर्राष्ट्रीय संचार तंत्र और ब्रांड-निर्माण के प्रयासों का नेतृत्व करेंगे।

इस नियुक्ति पर गलगोटिया विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव गलगोटिया ने कहा, “एक विश्वविद्यालय के तौर पर, हमने लगातार तरक्की की है और देश के प्रमुख निजी विश्वविद्यालयों में से एक बन गये हैं। विश्वविद्यालय एक नये चरण में प्रवेश कर रहा है। श्री प्रताप के पास संस्थानों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में काम करने का अच्छा अनुभव है। उनकी नियुक्ति से हमारी प्राथमिकताओं और उपलब्धियों को लोगों तक हम बेहतर तरीके से पहुंचा सकेंगे।” अपनी नियुक्ति पर श्री प्रताप ने कहा कि गलगोटिया विश्वविद्यालय विकास के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है। अध्यापन का स्तर बढ़ रहा है और पहचान बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास एक ऐसा संचार ढांचा बनाने का होगा जो आज के जमाने का हो और हितधारकों की जरूरतों को केंद्र में रखे।

श्री प्रताप इससे पहले अहमदाबाद विश्वविद्यालय में ब्रांडिंग और संचार के निदेशक थे। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने द बैंक ऑफ़ न्यूयॉर्क मेलन और टेलीपरफॉर्मेंस जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में रणनीतिक भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने जानी-मानी प्रबंधन सलाह कंपनियों में से एक बेन एंड कंपनी के साथ भी काम किया है। वह इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन के एल्युमनी रहे हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट कोझिकोड से फाइनेंस में कार्यकारी शिक्षा कार्यक्रम पूरा किया है। उनके पास कानून की डिग्री भी है।

Next Post

राजस्थान के कप्तान पराग ने बल्ले से संघर्ष के बावजूद अपना खेलने का तरीका बदलने से मना किया

Thu Apr 23 , 2026
लखनऊ, 23 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने माना कि वह आईपीएल 2026 के पहले हाफ में एक मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं, लेकिन उन्होंने यह साफ कर दिया कि वह सिर्फ़ सुरक्षित रन बनाने के लिए अपने खेलने का स्वाभाविक तरीका नहीं बदलेंगे। पराग ने […]

You May Like