भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बाबा महाकाल की कृपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएँ निरंतर सशक्त और विस्तारशील हो रही हैं। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा की उपस्थिति में आज धार और बैतूल में पीपीपी मॉडल पर दो नए मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों मेडिकल कॉलेजों के प्रारंभ होने से न केवल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी व्यापक विस्तार होगा। स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे और आम नागरिकों को बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि धार और बैतूल के मेडिकल कॉलेज जुड़ने के बाद प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की कुल संख्या बढ़कर 35 हो जाएगी। यह उपलब्धि मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों पर ले जाने वाली है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को और मजबूत करने के लिए सतत प्रयासरत है।
