
भोपाल। लिव-इन में रह रही एक युवती की मौत गुरूवार को जेके अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई. मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कोलार पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मृतका के निवास स्थान से मेडिकल सामग्री बरामद की है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतका ने दवाओं का ओवरडोज लिया है. पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज कर मर्ग कायम कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार मृतका मेघा यादव (30) कोलार इलाके में अपने प्रेमी रूपेश साहू के साथ रहती थी. बुधवार को देर रात रूपेश ने मेघा का मुंहबोला भाई बताकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था. रूपेश ने मेघा के अस्पताल में होने की सूचना उसके परिवार के लोगों को फोन पर भी दी थी. इसके बाद वह मेघा को अकेला छोड़कर चला गया. मेघा के परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे. इलाज के दौरान मेघा की मौत हो जाने पर परिजनों ने रूपेश पर गंभीर आरोप लगाया. परिजनों ने अनुसार मेघा और रूपेश के प्रेम प्रसंग की जानकारी सदस्यों को थी. दोनों करीब 4 सालों से एक-दूसरे के साथ रहते थे. दोनों के घरवालों ने उनकी शादी भी तय कर दी. पिछले एक माह से रूपेश के व्यवहार में आए बदलाव के चलते मेघा बहुत परेशान थी. इसकी भी जानकारी वह अपने घर वालों को दी थी. मेघा की मौत का मामला संज्ञान में आऩे के बाद कोलार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी. प्रेमी रूपेश की तलाश करने में भी पुलिस की टीम जुटी है.
