जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत पन्नी मोहल्ला में हरिलाल यादव 25 वर्षीय पिता लक्ष्मण यादव निवासी टिकुरी उमरिया थाना मझौली की हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने कटनी से गिरफ्तार कर लिया है दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमार कुमरे ने बताया कि हरिलाल यादव 25 वर्षीय पिता लक्ष्मण यादव निवासी टिकुरी उमरिया थाना मझौली का ड्राइवर था और कभी कभी काम के लिए जबलपुर आया करता था और गांव में ही काम करता था। हरीलाल यादव रविवार शाम लगभग 4-30 बजे घर से जबलपुर जाने की कहकर निकला था जो रात में घर वापस नहीं लौटा था। रविावर रात्रि करीब 11 बजे पन्नी मोहल्ला में उसका शव मिला था।
जिसके शरीर में चोट के निशान थे। आधार कार्ड से शिनाख्त हुई। मृतकपुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। सोमवार को पीएम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो वारदात में आरोपी कैद हो गया। जांच में पाया गया कि हरीलाल यादव की हत्या राहुल झारिया ने साथी अमर उर्फ भगवानदास गोटिया, अरविंद रैकवार, राहुल दुबे, अभिषेक उर्फ भीमसेन दुबे व आशु कोल के साथ मिलकर की है।
हरिलाल यादव और राहुल झारिया एक युवती से प्रेम करते थे। राहुल ने हरिलाल को रास्ते से हटाने उसकी हत्या की साजिश रची। योजना के मुताबिक उसे बुलाया। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर रॉड, लाठी से हमला कर दिया। जिसमें हरिलाल की मौत हो गई। पुलिस ने राहुल झारिया,आशु कोल को कटनी से गिरफ्तार कर लिया है जबकि अमर उर्फ भगवानदास गोटिया, अरविंद रैकवार, राहुल दुबे, अभिषेक उर्फ भीमसेन दुबे फरार है जिनकी तलाश की जा रही है।
