इंदौर:सोमवार को इंदौर सहित पूरा मध्यप्रदेश भीषण ठंड, घने कोहरे और शीतलहर की गिरफ्त में रहा. सुबह के समय इंदौर में दृश्यता बेहद कम रही, सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. ठंड और कोहरे का सबसे ज्यादा असर सुबह की आवाजाही, स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिला.
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इंदौर के साथ उज्जैन, देवास, भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर, आगर मालवा, विदिशा, सागर, दमोह, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया और कटनी समेत करीब 35 जिलों में घना कोहरा छाया रहा.
कई इलाकों में सुबह के समय कुछ ही मीटर आगे तक दिखाई देना मुश्किल हो गया. लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर 16 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया है, जबकि कुछ जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है. इंदौर में भी ठंड को देखते हुए स्कूल प्रबंधन सतर्क नजर आए और बच्चों को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ी रही. कोहरे का असर परिवहन व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया.
देशभर में फैले कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं, जिसका असर इंदौर आने जाने वाली ट्रेनों और उड़ानों पर भी पड़ा. कई ट्रेनें देरी से चलीं, वहीं यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत के आसार कम हैं. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है.
