नयी दिल्ली, 17 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चीनी का औसत भाव गिर गया। चीनी के साथ चावल में भी गिरावट रही। गेहूं के दाम बढ़ गये जबकि दालों तथा खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 32 रुपये घटकर 5,380 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गुड़ भी 24 रुपये टूटकर 5,952 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 27 पैसे घटकर 58.66 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत पांच रुपये घटकर 4,167 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 10 रुपये की मजबूती के साथ 2,870 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बोला गया। आटे की कीमत में छह रुपये की तेजी देखी गयी।
दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 20 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई। तुअर दाल 12 रुपये और मूंग दाल सात रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई। चना दाल की कीमत पांच रुपये और मसूर दाल की दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज पाम ऑयल का दिसंबर वायदा 58 रिंगिट गिरकर 4,940 रिंगिट प्रति टन रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 1.03 प्रतिशत लुढ़ककर 68.95 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजार में आज पाम ऑयल औसतन 102 रुपये और सोया तेल 39 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सूरजमुखी तेल की कीमत 35 रुपये और सरसों तेल की 22 रुपये ऊपर रही। मूंगफली तेल में 55 रुपये और वनस्पति में छह रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।

