
आलीराजपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आजीविका मिशन द्वारा “नमो युवा शक्ति” कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर परिसर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य “सशक्त नारी, समर्थ युवा, समृद्ध मध्यप्रदेश” की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की सदस्यों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं खेलकूद गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत ने खिलाड़ियों को परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दी साथ ही सांस्कृतिक दल के साथ नृत्य भी किया ।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत एवं कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाकर ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम के शुभारंभ का संदेश दिया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भरता, सहभागिता और सशक्तिकरण के लिए प्रेरित किया गया।
खाद्यान्न वितरण में लगातार शिकायतों पर तीन उचित मूल्य दुकानों के प्राधिकार पत्र निरस्त हितग्राहियों को राशन वितरण के लिए निकटस्थ उचित मूल्य दुकानों पर की गई वैकल्पिक व्यवस्था
आलीराजपुर। 17 सितंबर 2026। खाद्यान्न सामग्री के वितरण में लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री निधि मिश्रा द्वारा जिले की तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
अनुविभागीय अधिकारी द्वारा आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था नानपुर द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्रााम नानपुर तथा ग्राम फाटा, आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था विपणन आलीराजपुर द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान गिराला को मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 की धारा 16(4) के तहत तत्काल खाद्यान्न वितरण से पृथक करते हुए इनके प्राधिकार पत्र निरस्त किए गए हैं। प्रशासन द्वारा उक्त दुकानों से जुड़े पात्र हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए निकटस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर खाद्यान्न वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। संबंधित हितग्राही निर्धारित वैकल्पिक उचित मूल्य दुकान से अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न समय पर उपलब्ध हो और वितरण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा हितग्राहियों को परेशानी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जांच में तथ्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
