उज्जैन: जैसे-जैसे सिंहस्थ का साल नजदीक आते जा रहा है वैसे-वैसे धार्मिक नगरी उज्जैन का कायाकल्प होता जा रहा है. निर्माण कार्य तेजी से धरातल पर उतरने लगे हैं, अब हरि फाटक ब्रिज के समानांतर एक और फोर लेन ब्रिज का टेंडर भी ओपन हो चुका है और एमपीआरडीसी के माध्यम से बनने वाले इस ब्रिज का निर्माण साइड रिक्त करने के बाद जल्दी शुरू होगा.
धार्मिक नगरी उज्जैन में आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा जारी किए गए एक महत्वपूर्ण टेंडर के तहत, हरिफाटक सड़क मार्ग को सिक्स लेन बनाने के साथ ही, अब इसी मार्ग पर एक नया फोरलेन समानांतर ब्रिज भी बनाया जाएगा. यह ठेका भी उदयपुर की उसी रवि इंफ्रा कंपनी को मिला है, जो उज्जैन इंदौर के बीच 45 किलोमीटर का सिक्स लेन सड़क का निर्माण कर रही है. जिसकी फाइनेंशियल बिड खुलने के बाद कंपनी को जल्द ही कार्य शुरू करने की स्वीकृति मिल गई है.
सिक्स लेन कॉरिडोर को मिलेगा नया विस्तार
हरिफाटक मार्ग पर बनने वाला यह नया फोर लेन ब्रिज, हरिफाटक की पुरानी शाखा के ठीक समानांतर होगा. इस ब्रिज का निर्माण नीलगंगा हाट बाजार के ऊपर से किया जाएगा. पुराने और नए पुल के निर्माण के साथ ही, यह पूरा कॉरिडोर सिक्स लेन में परिवर्तित हो जाएगा, जिससे यातायात का दबाव कम करने में बड़ी मदद मिलेगी.
156 करोड़ का समानांतर फोरलेन
दरअसल हरिफाटक ब्रिज अभी टू लेन है, नया समानांतर फोरलेन ब्रिज लगभग 156 करोड़ की लागत से बनेगा. एमपीआरडीसी निर्माण एजेंसी है, जिसने टेंडर निकाला और रवि इंफ्रा, को यह काम मिल गया है. पुराना टू लेन और नया फोरलेन मिलाकर हरि फाटक ब्रिज सिक्स लाइन का हो जाएगा, जो की इंदौर से उज्जैन आने वाली सिक्स लेन सड़क से अटैज होगा.
सीधे महाकाल मंदिर पहुंचेगा मार्ग
यह महत्वपूर्ण सिक्स लाइन सड़क और ब्रिज सीधे महाकाल महालोक तक यात्रियों की पहुंच को आसान बनाएगा. इस प्रोजेक्ट में ब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा, साथ ही रात में आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी.
सिंहस्थ 2028 के लिए महत्वपूर्ण सौगात
यह ब्रिज सिंहस्थ 2028 के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा. सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालु, यात्री, साधु-संत आसानी से महाकाल मंदिर और क्षिप्रा के घाटों तक पहुंच सकेंगे. हरिफाटक क्षेत्र में आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से स्थानीय रहवासियों को स्थायी मुक्ति मिलेगी.
जल्द होगा भूमि पूजन, विकास कार्यों में आएगी तेज़ी
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महत्वपूर्ण फोर लेन ब्रिज का भूमि पूजन करेंगे, जिला प्रशासन द्वारा इसकी तिथि तय की जाएगी.
इनका कहना है
सिंहस्थ 2028 की दृष्टि से जितने भी भूमि पूजन के कार्य हैं, वह शीघ्रता से संपन्न होंगे, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव लगातार उज्जैन प्रवास के दौरान भूमि पूजन और लोकार्पण कर रहे हैं, इसी श्रृंखला में एक और अध्याय जुड़ने वाला है. एमपीआरडीसी के माध्यम से जो टेंडर डाले गए थे उसमें हरि फाटक टू लाइन ब्रिज के समानअंतर फोरलेन ब्रिज बनेगा, 156 करोड़ की लागत से निर्माण होगा,टेंडर ओपन हो चुका है.
– रोशन सिंह ,कलेक्टर उज्जैन
