ओमती नाले के पास से 4 मोटर पंप किए गए जप्त

जबलपुर: शहर के कई इलाकों के खेतों में नाले के गंदे पानी की सिंचाई से सब्जियां उगाकर शहरवासियों की जान से खिलवाड़ का मामला हाईकोर्ट में उठा तो उस पर गंभीर एक्शन की शुरूआत हुई। सबसे पहले जहां कलेक्टर को हाईकोर्ट ने नोटिस जारी कर इस गंभीर मुद्दे की जानकारी तलब की तो उसके दूसरे दिन ही शनिवार को कलेक्टर ने 9 सदस्यीय टीम गठित कर नगर निगम कमिश्रर रामप्रकाश अहिरवार से समन्वय बनाकर कार्रवाई के लिए मैदान में भेज दिया।

अमले ने इस दौरान 4 मोटर पंप भी जप्त किए लेकिन सवाल ये उठता है कि इतने सालों से सब्जियों को नाले के गंदे पानी से सींचकर उगाने का काम चल रहा है न जाने इस बीच कितनों की सेहत पर इससे बुरा असर भी पड़ा होगा इन सभी का जिम्मेदार कौन है?हालांकि शनिवार को कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्सा नहीं जायेगा और गंदे नाले के पानी से सब्जियां उगाने वालों पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। लेकिन जानकारों का ये भी कहना है कि अभी तक जिम्मेदार एक दूसरे पर जिम्मेदारी का ठीकरा फोड़कर नींद में क्यों सोते रहे हैं।
परीक्षण के लिए भेजे गए सैंपल
जानकारी के अनुसार गठित जांच टीम के सदस्यों ने ओमती नाले के किनारे बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। टीम ने नाले के पानी का उपयोग सिंचाई के लिए कर रहे लोगों पर सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से 4 मोटरपंप जब्त किए। कार्रवाई के दौरान टीम द्वारा नाले के पानी का सैंम्पल भी लिया गया है, जिसे परीक्षण के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सैेंम्पल रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने जांच टीम के सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन नियमित रूप से कार्रवाई करें और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि शहरवासियों को दूषित सब्जियों से बचाया जा सके।
9 सदस्यीय टीम में ये हैं शामिल
इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने एक 9 सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। इस संबंध में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि जांच समिति में अध्यक्ष अनुविभागीय अधिकारी (समस्त), सदस्य अपर आयुक्त स्वास्थ्य, नगर निगम, जबलपुर, अधीक्षण यंत्री सीवरेज, नगर निगम जबलपुर, क्षेत्रीय अधिकारी, म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, संयुक्त संचालक कृषि विभाग, जबलपुर, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम, जबलपुर, अतिक्रमण अधिकारी, नगर निगम जबलपुर, खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकारी, जबलपुर एवं संबंधित थाना प्रभारी, जबलपुर को बनाया गया है।
इन इलाकों में लोगों की सेहत से होता है खिलवाड़
जानकारी के अनुसार कछपुरा, विजय नगर व उसके आसपास के इलाके में ओमती नाले का गंदा पानी किसानों द्वारा खेतों में लगीं सब्जियां सींचने के लिए पिछले लंबे समय से किया जाता रहा है। उधर गोहलपुर से लेकर बेलखाडू के बघोड़ा में भी मोतीनाला के संक्रमित पानी का उपयोग खेतों की सब्जियां सींचने में होता रहता है। ऐसे में ये कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि ऐसा काम करने वाले किसान लोगों की जान व सेहत से खुलेआम खिलवाड़ करना अपने बाएं हाथ का खेल समझ रहे हैं।

Next Post

आखिरी क्षणों में दो विकेट गंवाने से थोड़ा निराश होगा दक्षिण अफ्रीका : स्टेन

Sun Nov 23 , 2025
गुवाहाटी, (वार्ता) पूर्व दक्षिण अफ़्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने कहा है कि भारत के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका दूसरे टेस्ट के पहले दिन आखिरी क्षणों में दो विकेट गंवाने से थोड़ा निराश होगा। दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट के पहले दिन 247/6 पर खत्म किया, जिसमें भारत ने […]

You May Like