
सिरोंज। मंडी में इन दिनों हो रही भारी आवक के चलते मंडी रोड और आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है. इस क्षेत्र में कई बैंक, बस स्टैंड, सब्जी मंडी और प्रमुख कार्यालय होने से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है. सीजन के दौरान मंडी रोड पर लगने वाले जाम से नागरिकों और किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जाम की समस्या के समाधान को लेकर सोमवार को स्थानीय थाना परिसर में पुलिस प्रशासन, मंडी प्रशासन और थोक अनाज तिलहन व्यापार संघ सिरोंज के बीच बैठक आयोजित की गई. बैठक में बस स्टैंड और मंडी रोड के आसपास लगने वाले जाम की समस्या के निराकरण पर करीब एक घंटे तक चर्चा हुई. इस दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न सुझाव दिए.
थोक अनाज तिलहन व्यापार संघ सिरोंज के अध्यक्ष समीर भार्गव ने कहा कि मंडी के बाहर सब्जी मंडी में धर्मकांटा लगाने की सहमति दी गई थी, लेकिन उसे मंडी के अंदर लगाया गया. इस निर्णय से जाम की समस्या और बढ़ गई है. पहले शाम तक यातायात सामान्य हो जाता था, परंतु अब देर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है.
बैठक के बाद थाना प्रभारी, मंडी अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधियों ने मंडी परिसर एवं आसपास के मार्गों का निरीक्षण किया. इस दौरान किसानों की उपज की नीलामी और तौल स्थलों का भी जायजा लिया गया.
मंडी के पास बैंक, कार्यालय, नवीन बस स्टैंड और स्कूल होने से यहाँ प्रतिदिन वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है. ऐसे में जाम लगने पर पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था ठप्प हो जाती है. उपस्थित सदस्यों ने सुझाव दिया कि ट्रॉलियों के प्रवेश के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया जाए और बेगमबाग मार्ग से ट्रॉली धीरे-धीरे भेजी जाए, ताकि मुख्य रोड पर दबाव कम हो.
बैठक में थोक अनाज तिलहन व्यापार संघ सिरोंज के अध्यक्ष समीर भार्गव, राजेश मित्तल, कमलेश जैन, प्रियंक जैन, गगन तारण, पप्पू साहू, लोकेश जैन, मनीष जैन सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे.
