
भिंड। पुलिस हिरासत में मारपीट का गंभीर मामला भिंड जिले के फूप थाना क्षेत्र से सामने आया है। सैनिक कॉलोनी के पांच लोगों को मामूली विवाद के बाद रात में घर से उठाकर थाने लाया गया और हवालात में लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया। जब इन्हें कोर्ट में पेश किया गया तो उनकी हालत देखकर जज भी सन्न रह गए। एक आरोपी तो चल भी नहीं पा रहा था। कोर्ट ने पुलिस द्वारा कराई गई मेडिकल रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया और पैनल बोर्ड से दोबारा मेडिकल जांच के सख्त निर्देश दिए। साथ ही सभी पांचों आरोपियों को तत्काल जमानत दे दी। कोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही एक पीड़ित की हालत बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। सैनिक कॉलोनी में सब्जी ठेले पर खड़ा विवेक शर्मा सब्जी ले रहा था। तभी छोटू जाटव अपनी बाइक लेकर आया और उसकी बाइक विवेक से टकरा गई। दोनों गिर पड़े। विवेक और उसके परिजनों ने गुस्से में छोटू के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते-ही-देखते विवाद बढ़ा और सड़क पर जाम लग गया। इसके बाद पुलिस ने पांच लोगों को उठाकर हवालात में जमकर मारपीट की।
