ब्यावरा/राजगढ़। ब्यावरा विधानसभा में विकास कार्यों को एक नई गति देते हुए 8 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से 35 सामुदायिक भवनों के निर्माण को शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है.
राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार के प्रयासों से यह सौगात मिली है. इन स्वीकृतियों में विशेष रूप से पवित्र तीर्थ स्थल घुरेल पहाड़ी स्थित ज्योतिर्लिंग पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में प्रस्तावित सामुदायिक भवन शामिल है, जो धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा.
राज्यमंत्री श्री पंवार ने इस मंजूरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व का आभार माना है. 8 करोड़ 57 लाख रुपए लागत के 35 सामुदायिक भवनों की स्वीकृति, विशेष रूप से घुरेल पहाड़ी स्थित ज्योतिर्लिंग पशुपतिनाथ मंदिर में सामुदायिक भवन की मंजूरी, क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी सौगात है. यह भवन श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के लिए एक सशक्त सुविधा केंद्र सिद्ध होगा.
सामुदायिक भवनों से होगी सुविधा
राज्यमंत्री श्री पंवार ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है. सामुदायिक भवनों के निर्माण के बाद क्षेत्र में सामाजिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामुदायिक बैठकों और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े कार्य और अधिक सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेंगे.
