नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने आस्था कुंज पार्क, कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से कथित गैंगरेप की घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जवाबदेह ठहराया है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रवि पांडे ने बुधवार को कहा कि राजधानी में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने कहा कि लेडी श्रीराम कॉलेज द्वारा सुरक्षा कारणों से कक्षाएं ऑनलाइन किए जाने से स्थिति की गंभीरता स्पष्ट होती है। कॉलेज ने भी छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए ऑनलाइन कक्षाओं का निर्णय लिया है।
एनएसयूआई ने एलएसआर कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में तत्काल सुरक्षा ऑडिट, पुलिस गश्त, स्ट्रीट लाइटिंग और आपातकालीन व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। संगठन ने पीड़िता की निजता और गरिमा की रक्षा पर भी जोर देते हुए घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

