बर्लिन, 19 सितंबर (वार्ता) जर्मनी के बर्लिन में एक देखभाल सुविधा केन्द्र में लगी आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 25 अन्य लोग घायल हो गए। दमकल विभाग ने यह जानकारी दी है।
जर्मन अख़बार ‘टेगेसस्पीगल’ की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार सुबह 10 बजे से कुछ देर पहले दमकल कर्मियों को सूचना दी गई। शुरुआती जांच से पता चला कि आग एक मरीज़ के कमरे में लगी थी, जो पूरी तरह से आग की लपटों में घिरकर नष्ट हो गया। क्रूज़बर्ग ज़िले में बनी पांच मंज़िला इमारत में चारों ओर घना धुआं फैल गया।
दमकल विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर थी और उसे होश में लाने के लिए विशेष प्रयास करने पड़े, जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनमें से ज़्यादातर को धुएं के कारण परेशानी हुई। इमारत में रहने वाले सभी लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें मेडिकल मदद दी गई। दोपहर तक आग पर काबू पा लिया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। आग लगने की वजह अभी साफ़ नहीं है।

