
सिवनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सिवनी के पॉलीटेक्निक मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने सिंगल क्लिक से लाड़ली बहना योजना की 30वीं किस्त के रूप में 1857 करोड़ रुपये उनके खातों में ट्रांसफर किए। इस बार बहनों को बढ़ी हुई राशि 1500 रुपये प्राप्त हुई है। हाल ही में राज्य सरकार ने कैबिनेट बैठक में यह राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने का निर्णय लिया था।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 560.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। साथ ही उन्होंने वर्चुअल माध्यम से पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा गेट पर कबाड़ से बनी दुनिया की सबसे बड़ी बाघ प्रतिमा का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि
यह बदलते भारत का स्वरूप है कि सिवनी की सांसद श्रीमती भारती पारधी, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन और जिला पंचायत अध्यक्ष सभी महिलाएँ हैं। हमारी सरकार मातृशक्ति के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम को तोड़ने का प्रयास किया, जबकि भाजपा सरकार मातृशक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सिवनी रामकृष्ण की धरती है, और प्रदेश में जहाँ-जहाँ भगवान की लीलाएँ हुई हैं, उन्हें तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
दिल्ली की घटना के बाद मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सिवनी प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। पूरे कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के उपरांत कटनी रवाना हुए, जहाँ उन्होंने झिंझरी में आयोजित दद्दाजी के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया।
