
इंदौर. अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अब सिर्फ धरती पर ही नहीं, आसमान से भी नजर रख रही है. शहर में पुलिस की तकनीकी ताकत अब नए रूप में सामने आ रही है. जहां ड्रोन से निगरानी कर अपराधियों और नशेड़ियों को पकड़ने की मुहिम ने अपराध जगत में हलचल मचा दी है.
डीसीपी जोन-4 आनंद कलादगी के निर्देश पर पुलिस द्वारा ड्रोन के माध्यम से ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है, जो पुलिस जवानों की पहुंच से दूर होते हैं या वहां तक जाना आसान नहीं होता. ऐसे स्पॉटों पर अपराधी प्रवृत्ति के लोग आसानी से असामाजिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं. ऐसे स्पॉटों को नशाखोरी का अड्डा भी बना लेते हैं. ऐसे ही अपराधियों की धरपकड़ के लिए अब पुलिस ने ड्रोन कैमरों से निगरानी अभियान शुरू किया है.
पहले ही दिन ड्रोन से पुलिस को मिल गई सफलता
ड्रोन से निगरानी का पहला प्रयोग चंदन नगर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी इंद्रमणी पटेल के नेतृत्व में शुरू किया गया. पुलिस के ड्रोन कैमरों से निगरानी अभियान का उद्देश्य है, मादक पदार्थों का सेवन करने वालों और इससे जुड़े किसी भी तरह के अपराधियों पर लगाम लगाना. यहां पर पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर सिरपुर तालाब दरगाह के सामने ग्रीन पार्क मैदान के पीछे स्थित संदिग्ध स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग की. निगरानी के दौरान ड्रोन कैमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैद हुईं. पुलिस ने ड्रोन से सटीक लोकेशन लेकर तुरंत उन संदिग्ध लोगों की घेराबंदी की और मौके से तीन व्यक्तियों को पकड़ लिया. पूछताछ में सामने आया कि उनमें से एक 31 वर्षीय शुभम सालवी निवासी आदर्श कॉलोनी, इंद्रनगर, खुलेआम चिलम में गांजा भरकर पी रहा था. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया है.
लगातार जारी रहेगा ड्रोन से निगरानी अभियान
थाना प्रभारी इंद्रमणी पटेल ने बताया कि ड्रोन निगरानी अभियान अब लगातार जारी रहेगा. ऐसे क्षेत्रों पर खास नजर रखी जा रही है, जहां पहले अपराधी छिपकर वारदात करते थे. पुलिस का नया फार्मूला, जमीन पर गश्त, आसमान से निगरानी के कारण अपराधियों के लिए अब छिपने की जगह तक नहीं बचेगी, पुलिस अब लगातार हाईटेक एक्शन से चप्पे चप्पे पर रखी जा रही है.
